एक और रेप केस से दहला यूपी, पीड़िता से रेप के बाद किया आग के हवाले

0
255

फतेहपुर, उत्तर प्रदेश | उत्तर प्रदेश सरकार भले ही महिलाओं की सुरक्षा का दावा ठोकती रहे, लेकिन ज़मीनी हक़ीक़त कुछ और ही है। अभी उत्तर प्रदेश के उन्नाव ज़िले के रेप की घटना को लेकर लोगो का गुस्सा ठंडा नहीं हुआ था, तभी फतेहपुर से भी रेप की एक दर्दनाक घटना सामने आयी है। यहाँ 18 साल की एक लड़की के साथ उसके चाचा ने ही पहले बलात्कार किया उसके बाद पीड़िता पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी।

फतेहपुर के नगर पुलिस उपाधीक्षक कपिल देव मिश्रा ने बताया कि हुसेनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार दोपहर 18 साल की लड़की अपने घर में अकेली थी। उसी समय उसके रिश्ते के 22 वर्षीय चाचा ने घर में घुसकर लड़की से बलात्कार किया। बाद में लड़की के शिकायत करने की बात पर नाराज होकर उसके ऊपर केरोसिन का तेल छिड़क कर आग से जलाकर मारने की कोशिश भी की।

आग की लपटों से घिरी लड़की की चीख सुनकर गांव वालों ने किसी तरह आग बुझाई और फिर पुलिस को सूचना दी। युवती आग से 90 फीसदी तक जल चुकी है। पहले उसे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। लेकिन वहाँ समुचित इलाज़ ना मिल पाने की स्थिति में उसे वहाँ से कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस ने बताया कि लड़की के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ बलात्कार और हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। हालाँकि अभी तक आरोपी के गिरफ़्तार होने की कोई सूचना नहीं मिली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here