सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में सोमवार को मुंबई पुलिस ने फिल्ममेकर महेश भट्ट से पूछताछ की। पुलिस ने इस केस में अब तक 39 लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं। भट्ट लगभग 12 बजे मुंबई के सांताक्रूज़ पुलिस स्टेशन अपना बयान दर्ज कराने पहुँचे थे और इस दौरान पुलिस ने उनसे दो घंटे तक पूछताछ की। इसके अलावा धर्मा प्रॉड्क्शन के सीईओ अपूर्व मेहता का बयान भी पुलिस ने दर्ज कर लिया है।
पिछले दिनों सोशल मीडिया पर महेश भट्ट और रिया चक्रवर्ती की कुछ तस्वीरें वायरल हो रहीं थी, जिसको लेकर काफी सवाल खड़े हो रहे थे। अमर उजाला की एक रिपोर्मट के अनुसार पुलिस ने महेश भट्ट से पूछताछ के दौरान उनके और रिया चक्रवर्ती के बीच संबंध को लेकर सवाल पूछे। इसके अलावा महेश भट्ट के ऑफिस में काम करने वाली सुहरिता दास ने कहा था कि रिया अपनी रिलेशनशिप को लेकर अक्सर महेश भट्ट से सलाह लेने आती थी और महेश भट्ट ने रिया को सुशांत से दूरी बनाने के लिए कहा था। साथ ही पुलिस ने भट्ट से ये भी पूछा कि क्या वे अपनी फिल्म सड़क 2 में सुशांत को कास्ट करने वाले थे!
इस पर महेश भट्ट ने कहा था कि वे सुशांत को कास्ट नहीं करने वाले थे, लेकिन सुशांत इस फिल्म का हिस्सा बनना चाहते थे। भट्ट ने यह भी बताया कि वे ज़िन्दगी में केवल तीन बार ही सुशांत से मिले थे। बताया जा रहा है कि महेश भट्ट से पूछताछ के बाद पुलिस जल्द ही समन जारी कर करण जौहर को भी पूछताछ के लिए बुला सकती है। हाल ही में कंगना रनौत ने करण जौहर को समन न जारी किए जाने पर सवाल भी खड़े किए थे।



