देश में ठंड के मौसम ने दस्तक दे दी है और इसी के साथ दिल्ली जैसे महानगरों में वायु प्रदूषण का स्तर भी बढ़ना शुरू हो गया है। पर्यावरण विशेषज्ञों के अनुसार इस साल वायु प्रदूषण पिछले कुछ सालों के मुकाबले ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है। वायु प्रदूषण के कारण सांस लेने में तकलीफ, खांसी-झुकाम और आँखों में जलन जैसी कई समस्याएं पैदा होने लगती है।
आँखें हमारे शरीर के सबसे संवेदनशील हिस्सों में से एक है, इसलिए वायु प्रदूषण से आँखों को बचाना बेहद ही जरूरी है। वायु प्रदूषण के कारण आँखों में सूखापन, एलर्जी और खुजली होने की शिकायत होने लगती है। लेकिन यदि आप अपनी आँखों का अच्छे से ख्याल रखें तो इन समस्याओं से बच सकते है। आज हम आपको कुछ ऐसी जरूरी बातें बता रहे है, जिनकी मदद से आप वायु प्रदूषण से अपनी आँखों को बचा सकते हैं (How to protect eyes from air pollution in hindi)-
सुबह का समय है खतरनाक
सर्दी के मौसम में स्मॉग और फॉग के कारण सुबह के समय वायू प्रदूषण अपने सबसे खतरनाक स्तर पर होता है। ऐसे में बाहर जाकर मॉर्निंग वॉक करने की बजाय घर पर ही मेडिटेशन और योगासन करें। इसके अलावा बच्चों और घर के बुजुर्ग सदस्यों को भी सुबह के समय बाहर ना निकलने दें।
डाइट पर ध्यान देना जरूरी
ओमेगा 3 फैटी एसिड आँखों के लिए काफी फायदेमंद होता है। यदि आप अपनी आँखों को लंबे समय तक स्वस्थ्य रखना चाहते है तो मछली जैसे सी-फूड को अपनी डाइट में शामिल करें। शाकाहरी लोग अखरोट, बादाम, गाजर, पालक और हरी पत्तेदार सब्जियों को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।

साफ-सफाई का रखें विशेष ध्यान
वायु प्रदूषण से बचने के लिए साफ-सफाई पर भी आपको विशेष ध्यान देना होगा। जब भी आप बाहर से आए तो अपनी आँखों को पानी से अवश्य धोएं। ऐसा करने से आपकी आँखों पर जमी धूल अंदर नहीं जा पाएगी।
आँखों को बार-बार छूने से बचे
कुछ लोगों को बार-बार आँखें छूने की आदत होती है। वायु प्रदूषण में अपनी आँखों को बार- बार छूने से बचे। खुजली या जलन होने पर रूमाल या कॉटन की मदद से अपनी आँखों को धीरे-धीरे सहला सकते है। लेकिन हाथों से अपनी आँखों को ना रगड़ें।
आँखों को हाइड्रेट रखें
वायु प्रदूषण में आँखों का हाइड्रेट रहना बहुत जरूरी है। जब भी आपको आँखों में सूखापन महसूस हो तो अपनी आँखों को ठंडे पानी से धोएं। सर्दी के मौसम में भी शरीर में पानी की कमी ना होने दे और दिन में 8-10 गिलास पानी अवश्य पीयें।
कॉन्टैक्ट लेंस पहनने वाले रहे सतर्क
कॉन्टैक्ट लैंस पहनने वाले लोगों को वायू प्रदूषण में अपनी आँखों का अधिक ध्यान रखने की जरूरत है। यदि हो सके तो कॉन्टैक्ट लैंस की जगह प्रोटेक्टिव लैंस या फिर चश्मा लगाने की कोशिश करें। लेकिन अगर आप कॉन्टैक्ट लैंस ही पहनना चाहते है तो उन्हें दिन में 2-3 बार साफ अवश्य करें।

मेकअप का ना करें इस्तेमाल
मेकअप के कारण भी आपकी आँखों में एलर्जी हो सकती है। वायु प्रदूषण के समय यदि आप बाहर जा रहे है तो आँखों के आसपास मेकअप ना करें। आइलाइनर और काजल जैसे मेकअप प्रॉडक्ट्स आँखों में जाने से आपको जलन हो सकती है।
सनग्लासेस पहनकर ही बाहर निकलें
भले ही सुबह के मुकाबले दिन में वायु प्रदूषण थोड़ा कम हो जाता है, लेकिन फिर भी बाहर जाते समय सनग्लासेस अवश्य पहने। इससे धूल-मिट्टी सीधे आपकी आँखों में प्रवेश नहीं कर पाएगी।

इलैक्ट्रॉनिक उपकरों का कम करें उपयोग
वायू प्रदूषण के दौरान आपको अपनी आँखों को आराम देना बहुत जरूरी है। यदि आप अधिक बाहर घूमते है तो घर पर आने के बाद इलैक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल करने से बचे। मोबाइल और कंप्यूटर जैसे डिवाइस के प्रयोग से आपकी आँखों पर अधिक जोर पड़ेगा, जिससे आपकी आँखें कमजोर हो सकती है।
जलन होने पर इन बातों का रखें ध्यान
- जब भी आपको आँखों में जलन महसूस हो तो उन्हें ठंडे पानी से अवश्य धोएं।
- आँखों को आराम देने के लिए आप कूलिंग जेल पैड का इस्तेमाल कर सकते है।
- दिन में 1-2 बार गुलाब जल या कैस्टर ऑयल आँखों में डालें। इससे आपकी आँखों से पानी निकलेगा और आँखें साफ रहेगी।
- आँखों में लालपन, खुजली या एलर्जी के बढ़ने पर किसी डॉक्टर की सलाह अवश्य लें। अन्यथा वायु प्रदूषण में थोड़ी सी लापरवाही भी आपको काफी महंगी साबित हो सकती है।



