अमेठी के पूर्व सांसद और केरल के वायनाड से वर्तमान सांसद राहुल गांधी लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर हैं। उनके ट्विटर हैंडल से हर रोज केंद्र सरकार की मुखालफत करता हुआ एक ट्वीट दिखाई देता है। आज सुबह ही राहुल गांधी ने अपने टि्वटर हैंडल से ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने लिखा था कि देश को तुरंत व पूर्ण टीकाकरण चाहिए। मोदी सरकार की निष्क्रियता से हुई वैक्सीन की कमी को छुपाने के लिए भाजपा के रोज़ के झूठ और खोखले नारे नहीं! PM की झूठी छवि बचाने के लिए केंद्र सरकार की लगातार कोशिशें वायरस को बढ़ावा दे रही हैं और जनता की जान ले रही हैं।
उनके इस आरोप पर पलटवार करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने लिखा, ”COVISHIELD की डोज़ के बीच अंतराल बढ़ाने का फ़ैसला पारदर्शी व वैज्ञानिक सबूतों पर आधारित है,लेकिन अतुल्य प्रतिभा के धनी कांग्रेस युवराज राहुल गांधी जी के ज्ञान के सामने तो आर्यभट्ट व अरस्तु जैसे विद्वान भी नतमस्तक हो जाएं। वैक्सीन पर भ्रम फ़ैलाने का एजेंडा अब नहीं चलेगा।”
आपको बता दें कि राहुल गांधी ने एक अन्य ट्वीट में कोरोना महामारी के दौरान विभिन्न राज्यों में जान गंवाने वाले चिकित्सकों का आंकड़ा साझा किया और कहा कि वह इन शहीदों को सलाम करते हैं।कोरोना के टीके ‘कोवैक्सीन’ में गाय के बछड़े का ‘सीरम’ मिलाये जाने के कांग्रेस के आरोप के जवाब में भाजपा ने कहा है कि पार्टी ने वैक्सीन के संबंध में भ्रम फैलाकर महापाप किया है।



