भारत के दस सबसे डरावने भूतिया स्थान

0
2328

जैसे ही हम किसी डरावनी जगह की बात करते हैं हमारे भीतर डर और रोमांच एक साथ जाग जाते हैं या यूं कहिये इस विषय में हमारी रुचि और बढ़ जाती है। और हम उस जगह के बारे में ज़्यादा से ज़्यादा जानने की कोशिश करते हैं। लेकिन क्या सच में ये भूतिया जगहें उतनी ही डरावनी हैं जितनी डरावनी इनकी कहानियां हैं। हमारे देश में ऐसी कई जगह हैं जिन्हें हम हॉन्टेड प्लेस या प्रेतबाधित स्थान के नाम से जानते तो हैं लेकिन इनके प्रति हमारी जिज्ञासा कभी कम नहीं होती है और हम हमेशा इनके बारे में जानने के लिये आतुर रहते हैं। जहां जाने के बाद आपको रुहानी ताकतों या असामान्य सी स्थिति का एहसास होता है। इनमें कुछ ऐसे शहर भी शामिल हैं जहां देश दुनिया से छुट्टियां बिताने परिवार के साथ लोग आते हैं। तो आईये आज हम आपको बताएंगे कि वो 10 भूतिया स्थान कौन से हैं जिन्हें देश की सबसे डरावनी जगहों में गिना जाता है-

1. भानगढ़ क़िला, राजस्थान

राजस्थान के अलवर ज़िले में है देश का मोस्ट हॉन्टेड प्लेस भानगढ़ फ़ोर्ट, जिसे लोग भूतों का भानगढ़ भी कहते हैं। इस हॉन्टेड प्लेस के पीछे एक रोचक कहानी है, 16वीं शताब्दी में भानगढ़ को बसाया गया, क़रीबन 300 सालों तक ये शहर फलता फूलता रहा और उसके बाद बेहद खूबसूरत राजकुमारी रत्नावती पर, एक तत्न्त्रिक ने काले जादू से राजकुमारी को अपने वश में करने का प्रयास किया लेकिन ये काला जादू उस पर खुद ही उल्टा पड़ गया जिस कारण उसकी मृत्यु हो गयी। लेकिन वह मरने से पहले भानगढ़ को बर्बादी का श्राप दे गया और संयोग से उसके एक महीने बाद ही पड़ोसी राज्य अजबगढ़ से लड़ाई में राजकुमारी सहित सारे भानगढ़ वासी मारे जाते है और भानगढ़ वीरान हो गया। तब से वीरान हुआ भानगढ आज तक वीरान है और कहते है कि उस लड़ाई में मारे गए लोगों के भूत आज भी रात को भानगढ़ के किले में भटकते हैं। तांत्रिक के श्राप के कारण उन सबकी आत्मा की मुक्ति आज तक नहीं हो पाई है। अब यह क़िला पुरातत्व विभाग के अधीन है और सूर्यास्त के बाद यहाँ किसी को भी जाने की इजाज़त नहीं है।

2. कुलधरा गांव, जैसलमेर, राजस्थान

राजस्थान के जैसलमेर के कुलधरा गांव का ज़िक्र भी आपने कई बार सुना होगा। 170 साल से वीरान पड़े कुलधरा गांव के पीछे भी एक रोमांचक कहानी छिपी है। यह गांव पालीवाल ब्राम्हणों का गांव था, कुलधरा गाँव के हज़ारों लोग अपने गाँव की एक लड़की को अय्याश दीवान सालम सिंह से बचाने के लिए, एक ही रात मे इस गांव को खाली कर के चले गए थे। और जाते जाते श्राप दे गए थे कि यहाँ फिर कभी कोई नहीं बस पायेगा। तब से यह गाँव वीरान पड़ा है। कहा जाता है कि यह गांव रूहानी ताकतों के कब्जे में है, कभी एक हंसता खेलता यह गांव आज एक खंडहर में तब्दील हो चुका है। आज भी घूमने आने वालों के मुताबिक यहां रहने वाले पालीवाल ब्राह्मणों की आहट सुनाई देती है। यहां हरपल ऐसा अनुभव होता है कि कोई आसपास चल रहा है। बाजार की चहल-पहल की आवाजें आती हैं, महिलाओं के बात करने की और उनकी चूडिय़ों और पायलों की आवाज हमेशा ही वहां के माहौल को भयानक बना देती हैं।

3. लाम्बी देहर मांइन्स, मसूरी

हिलस्टेशन डेस्टिनेशन के नाम से जाना जाने वाले मसूरी का यह स्थान देश के डरावने स्थानों में से एक मन जाता है, कैसे? तो आईये इसके इतिहास में जाकर पता लगाते हैं कि आख़िर इसके पीछे की कहानी क्या है। 1990 से पहले यहाँ पर लाइमस्टोन का खनन किया जाता था। उस दौरान यहाँ करीब पचास हज़ार मज़दूर काम करते थे। लेकिन खुनी खासी के कारण यहाँ काम करने वाले मजदूरों की मौत होती गयी। आईये आपको समझाते हैं कैसे? दरअसल लाइम यानी चुना हमारे फेफड़ों में जाकर उन्हें ख़राब कर देता है। इससे बचने के लिए लाइमस्टोन माइंस के लिए कई सुरक्षा नियम बने हुए है पर लाम्बी देहर माइंस में इस तरह के किसी भी नियम का पालन नहीं होता था नतीज़न वहा पर बड़ी संख्या में मज़दूर इस बिमारी से मरने लगे। उन दिनों सुरक्षा नियमों के पालन के अभाव में, इस माइंस में काम पर लगे ट्रको के पहाड़ी से गिरने की भी कई घटनाएं हुई। फलस्वरूप सरकार ने सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण इस माइंस को हमेशा के लिए बंद करवा दिया। स्थनीय लोगों के अनुसार खाली पड़ी माइंस और घर अब आत्मओं का ठिकाना है। यहाँ पर रात को लोगों के बाते करने की आवाज़े सुनाई देती हैं। एक और बात जो इस जगह को भयानक बनाती है वो है चलती हुई कार, बस, ट्रको का अचानक सड़क से उत्तर जाना जिससे की कई बार गंभीर हादसे भी हो जाते है।

4. थ्री किंग्स चर्च, वेलसाओ, गोवा

दूर-दराज़ से अपनी छुट्टियों पर मजे करने के लिए लोगों को गोवा आना बेहद पसंद है, लेकिन कई बार वो उस शहर को उतने क़रीब से नहीं देख पाते हैं, जितने क़रीब से देखने पर उन्हें कई दिलचस्प जगहों और कहानियों के बारे में पता चलता है। ऐसी ही एक कहानी गोवा के थ्री किंग्स चर्च के बारे में भी प्रचलित है, कहा जाता है गोवा के इस थ्री किंग्स चर्च में तीन पुर्तगाली राजाओं की आत्मा भटकती है और कई दफ़ा यहां आए लोगों को इनकी मौजूदगी का एहसास भी होता है। इन राजाओं में अक्सर वर्चस्व को लेकर लड़ाई होती रहती थी। एक बार होल्गेर नाम के एक राजा ने अन्य दोनों राजाओं को इस चर्च में आमंत्रित किया और धोखे से ज़हर देकर मार दिया। जब लोगों को होल्गेर की इस करतूत का पता चला तो उन्होंने इसके महल को घेर लिया। जनता के आक्रोश को देखकर तीसरे राजा ने आत्महत्या कर ली। और तीनों राजाओं के शव को इसी चर्च में दफना दिया गया। लोगों का मानना है इसके बाद से ही इस चर्च पर इन तीनों राजाओं की आत्मा का कब्ज़ा है।

5. जमाली-कमाली मस्जिद, महरौली, दिल्ली

इस हॉन्टेड प्लेसेस की सूची में अगला नाम आता है, जमाली-कमाली मस्जिद का, जो कि दिल्ली की महरौली में स्थित है। यहां 16वी शताब्दी के सूफी संत जमाली और कमाली की कब्र मौजूद है। इस स्थान को लेकर लोगों का मानना है कि यहां जिन्नों का वास है। इस स्थान पर कई बार लोगों को डरावने अनुभव हुए हैं। लाल पत्थर और संगमरमर से बनी इस मस्जिद का निर्माण 1528-29 में किया गया था। सूफी संत जमाली लोधी हुकूमत के राज कवि थे। इसके बाद बाबर और उनके बेटे हुमायूं के राज तक जमाली को काफी तवज्जो दी गई। माना जाता है कि जमाली के मकबरे का निर्माण हुमायूं के राज के दौरान पूरा किया गया। मकबरे में दो संगमरमर की कब्र हैं, एक जमाली की और दूसरी कमाली की। वैसे तो रात में यहां लोगों को यहां इजाज़त नहीं है, लेकिन फिर भी लोग यहां आते हैं और अपने डरावने अनुभव लोगों को बताते हैं।

6. अग्रसेन की बाबड़ी, कनॉट प्लेस, नई दिल्ली

दिल्ली का दिल कहे जाने वाले कनॉट प्लेस के नज़दीक बनी है देश की डरावनी जगहों में से एक अग्रसेन की बाबड़ी, महाराजा अग्रसेन ने चौदवहीं शताब्दी में इस बाबड़ी का निर्माण करवाया था। इसकी लंबाई 60 मीटर और चौड़ाई 15 मीटर है। इस प्राचीन स्मारक को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) का संरक्षण प्राप्त है। किसी ज़माने में यह हमेशा पानी से भरी रहती थी, लेकिन अब यह पूरी तरह सूख चुकी है। बाबड़ी के तल तक पहुंचने के लिए 106 सीढ़ियों को बनाया गया था ताकि आसानी से नीचे पहुंचा जा सके। इसके बारे में प्रचलित कथा यह है कि इसका काला पानी लोगों को सम्मोहित कर आत्महत्या के लिए उकसाता था और कई ऐसी घटनाएं यहां सामने आयीं थीं। लेकिन अब यहां लोगों का आना जाना पूरे दिन लगा रहता है, साथ ही ये जगह अब लवर पॉइंट बनी हुई है और इस जगह को अब फ़िल्मो में भी ख़ूब दिखाया जा रहा है।

7. रामोजी फ़िल्म सिटी, हैदराबाद

ये उस दौर की बात है जब यहाँ निज़ाम सुल्तानों ने क्रूरतम लड़ाईयां लड़ी थीं, रामोजी फ़िल्म सिटी का निर्माण उसी जगह पर हुआ है, जो कि एक ऐतिहासिक जगह है। कहा जाता है फ़िल्म सिटी में बना एक होटल पारलौकिक गतिविधियों का केंद्र माना जाता है। यहाँ पर आए दिन कुछ ना कुछ ऐसा होता रहता है जो की पारलौकिक ताकतों का एहसास कराता है। जैसे की शूटिंग के वक़्त लाइट का छत से गिर जाना, ऊपर बैठे लाइट मेन को अदृश्य ताकतों द्वारा नीचे गिरा देना ये एक बार नहीं बल्कि ऐसा कई बार हो चुका है और कई मौको पर तो लाइट मेन गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं,  होटल में छोड़े गए भोजन का वापस लौटने पर इधर उधर बिखरा मिलना, ड्रेसिंग के कांच पर उर्दू में कुछ अजीब सा लिखा हुआ मिलना ये सब यहाँ बसी रूहानी ताकतों द्वारा ही किया जाता है। माना जाता है की यहां पर मरे हुए सैनिको की आत्माए भटकती है। एक अजीब बात यह है की ये आत्माए औरतो को ज्यादा परेशान करती है। जैसे की जब वो ड्रेसिंग रूम में होती है तो वह अजीब सी परछाईयां भी दिखाई देती है। इन तमाम अजीबो गरीब घटनाओं को रोकने के लिए बहुत प्रयास किये गए पर उसका कोई भी नतीज़ा नहीं निकला।

8. डाउ हिल-कुर्शियांग, पश्चिम बंगाल

कुर्शियांग जिसका स्थानीय नाम खरसांग है जिसका मतलब होता है ‘सफेद आर्किड की भूमि’। कुर्शियांग मुख्यतः अपने बोर्डिंग स्कूलों और पर्यटन के लिए जाना जाता है। लेकिन कुर्शियांग से लगी डाउ हिल से एक मिस्ट्री जुडी हुई है जो की इसे भारत के प्रमुख भूतिया स्थानों में शामिल कराती है। कुर्शियांग, पश्चिम बंगाल के दार्जलिंग जिले में स्थित एक हिल स्टेशन है। जो कि दार्जलिंग से क़रीब 32 किलो मीटर दूर है। डाउ हिल-कुर्शियांग के पीछे भी कुछ डरावनी कहानी है जिसे सुन कर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। बताया जाता है इस जंगल में इधर उधर इंसानो की हड्डियां दिखाई देती हैं जो कि कोई आम बात नहीं है। इसलिए यहाँ के वातावरण में अजीब सी सिरहन और डर महसूस किया जाता है। इसके अलावा यहाँ के स्थानीय लोगों का कहना है कि दिसंबर से मार्च तक की छुट्टियों के दौरान उन्हें विक्टोरिया बॉयज स्कूल में पैरों कि आहट सुनाई देती है। और अगर एक लकड़हारे की माने तो उसने इस जंगल में एक जवान लड़के की सर कटी लाश को चलते हुए देखा है जो कुछ दूर जाकर पेड़ों में गायब हो गई थी। वैसे ये सिर कटे होने की बात काल्पनिक ज़्यादा लगती है, लेकिन जो भी यहां आता है उसे यहां कुछ ना कुछ अजीब महसूस ज़रूर हुआ है।

9. ब्रिजराज भवन, कोटा, राजस्थान

कोटा के राजस्थान में इस सुंदर भवन को देख कर कोई भी अंदाज़ा नहीं लगा सकता है की यह एक भूतिया जगह है। इस भवन में ब्रिटिश रेजिडेंट मेजर चार्ल्स बुटेन की आत्मा भटकती है। इस भवन में 1857 में ब्रिटिश मेजर चार्ल्स की और उनके बेटों की हत्या उनके ही विरोधियों ने कर दी थी तब से लेकर आजतक यहाँ मेजर की आत्मा भटकती है। खुद कोटा की पूर्व महारानी का कहना है कि उन्होंने 1980 में मेजर को हॉल में देखा था जहाँ उसे मारा गया था। उस समय महारानी उस हॉल को अपने ड्राइंग रूम के रूप में इस्तेमाल करती थीं। वर्तमान में यह एक हैरिटेज होटल में तब्दील हो चुका है। कई पर्यटकों व कर्मचारियों ने भी मेजर के भूत को इस महल में भटकते हुए देखा है। लेकिन यह आत्मा किसी को नुकसान नहीं पहुंचाती है, बस अगर कोई ड्यूटी के समय चौकीदार या हाउस कीपर सोते हुए मिलता है तो ब्रिजराज भवन पैलेस में भटकती हुई आत्मा सोते हुए लोगों को एक जोरदार थप्पड़ लगाती है।

10. बड़ोग सुरंग नं 33, शिमला, हिमाचल प्रदेश

शिमला में बनी हुई बड़ोग सुरंग भी देश के सबसे डरावने भूतिया स्थानों में शामिल है। बताया जाता है कि यहां भी एक अंग्रेज की आत्मा भटकती है। बड़ोग सुरंग का निर्माण एक अंग्रेज़ इंजीनियर बड़ोग ने करवाया था। इसलिए इसे बड़ोग सुरंग कहते है। बड़ोग सुरंग के साथ एक दर्द भरी कहानी जुड़ी हुई है। बड़ोग सुरंग को बनाने वाले अंग्रेज इंचार्ज बड़ोग ने एक बड़ी भूल यह कर दी थी एक ही बार में दोनों ओर से सुरंग बनाने का कार्य शुरू कर दिया, अंदाजे की भूल से सुरंग के दोनों छोर मिल नहीं पाए जिसके कारण उन पर एक रुपये जुरमाना किया गया। अपनी इस चूक से वह इतने अधिक दुखी हुए कि उन्होंने एक दिन अपने कुत्ते के साथ सैर पर जाते हुए स्वयं को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। स्थानीय लोगों का मनना है कि उनकी रुह यहां भटकते हुए तो देखी गयी है लेकिन वो किसी को कभी भी नुकसान नहीं पहुंचाती है।

तो ये हैं हमारे देश के दस सबसे डरावने भूतिया स्थान, और अगर आपको भी हॉन्टेड प्लेसेस पर घूमना पसन्द है और अगर आपकी जिज्ञासा इन सबके बारे में पढ़ कर और बढ़ गई है तो आप भी इन जगहों पर जा सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here