भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई 2 मैचों की टेस्ट श्रृंखला को मेजबान टीम ने 2-0 से अपने नाम कर लिया है। न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे और आखिरी टेस्ट मैच में कीवी टीम ने ढाई दिन में ही 7 विकेट से टीम इंडिया को हराकर इस सीरीज पर कब्जा किया। इसी के साथ भारत ने टेस्ट सीरीज गवां कर अपने न्यूजीलैंड दौरे का अंत किया। इस दौरे पर भारत ने न्यूजीलैंड को टी-20 में 5-0 से जरूर हराया लेकिन इसके बाद मेजबान टीम नें शानदार वापसी करते हुए पहले वनडे मैचों में 3-0 और फिर टेस्ट मैचों में भी 2-0 से भारत को हराया।
वहीं अगर क्राइस्टचर्च के मैदान पर खेले गए दूसरे टेस्ट मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करने वाली भारतीय टीम ने कीवी टीम को जीत के लिए सिर्फ 132 रनों का ही लक्ष्य दिया। जिसे मेजबान टीम ने 7 विकेट रहते ही हासिल कर लिया। टीम इंडिया ने पहली पारी में 242 रन बनाए। जवाब में कीवी टीम पहली पारी में 235 रन ही बना सकी। पहली पारी में 7 रनों की बढ़त के बाद भारत की दूसरी पारी 124 रन पर ही सिमट गई। न्यूजीलैंड की तरफ से दूसरी पारी में टॉम लाथम ने 52, टॉम ब्लंडेल ने 55 रन और केन विलियमसन ने 5 रन बनाए। पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले पृथ्वी शॉ, पुजारा और हनुमा विहारी दूसरी पारी में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। जिसके चलते मेजबान टीम भारत पर भारी पड़ गई। 5 विकेट और 49 रन बनाने वाले काइल जैमीसन प्लेयर ऑफ द मैच और टिम साउदी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे।


