मध्यप्रदेश में कोरोना से हुई मौतों को लेकर सियासी संग्राम एक बार फिर से शुरू हो गया है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने दावा किया है कि मध्यप्रदेश सरकार राज्य में कोरोना से हुई मौतों के आंकड़े को लेकर जनता को गुमराह कर रही है। कमलनाथ ने प्रदेश के शहरी और ग्रामीण इलाकों में कोरोना से हुई मौतों को लेकर सरकार पर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि राज्य में 1 लाख 2 हज़ार 2 शवों का अंतिम संस्कार कोविड प्रोटोकॉल के तहत किया गया है। सरकार की ये जिम्मेदारी है कि वह स्पष्ट करें कि प्रदेश में कोरोना से कितनी मौतें हुई?
कमलनाथ के इन्हीं आरोपों का पलटवार करते हुए मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कमलनाथ पर निशाना साधा है। नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि कोरोना संकट के बीच लोगों में भ्रम और डर का माहौल कांग्रेस पैदा कर रही है। उन्होंने आगे कहा ‘1984 दंगा सभी को याद है। लाशें गिनने की आदत कांग्रेस सरकार की है। ये टूलकिट से जुड़े लोग है। निश्चित तौर पर कमलनाथ जी के तार टूलकिट से जुड़े हुए है’। इसके साथ ही गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने प्रदेश के राज्यपाल से मांग की है कि वह लोगों में डर का माहौल पैदा करने के चलते कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ पर धारा 188 के तहत राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज करें।



