जेनेवा। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने शुक्रवार को कोरोना को लेकर नई भविष्यवाणी की है। WHO ने अब आशा व्यक्त की है जिसके अनुसार अगले दो साल से कम वक्त में कोरोनावायरस का धरती से नामोनिशान खत्म हो जाएगा। WHO का मानना है कि COVID-19 साल 1918 में फैले स्पैनिश फ्लू से कम वक्त में समाप्त हो जाएगा। WHO के प्रमुख टेडरोस अधानोम घेब्रेसस ने जेनेवा स्थित संगठन के मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि दो साल से कम वक्त में कोरोना महामारी धरती से खत्म हो जाएगी।”
संगठन के प्रमुख ने आगे कहा, “उस समय की तुलना में आज सभी देश तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और इसकी वजह से भी कोरोना महामारी तेजी से फैली है। यहां ये कहना भी जरूरी होगा कि उस समय की तुलना में हम टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी आगे बढ़े हैं और यह हमारे लिए फायदेमंद है।”
WHO के प्रमुख का कहना है कि संसाधनों का अधिकतम प्रयोग कर के आशा करें कि हमारे पास अतिरिक्त संसाधन जैसे वैक्सीन हों, तो मुझे लगता है कि हम कोरोनावायरस को 1918 में फैले बुखार से कम वक्त में खत्म करने में कामयाब रहेंगे।
आपको बता दें कि अब तक दुनियाभर के 180 से ज्यादा देशों में कोरोना महामारी की चपेट में 2.26 करोड़ से भी ज्यादा लोग आ चुके हैं। तकरीबन 7 लाख 93 हज़ार लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। अकेले भारत में अब तक कोरोना के 29 लाख केस आ चुके हैं। साथ ही तक़रीबन 54 हज़ार से भी ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।



