भारत की 10 सबसे लम्बी नदियाँ

0
396
Top 10 Longest rivers in india

भारत एक ऐसा देश है जो विविधताओं से भरा हुआ है, अनेक भाषायें तथा बोलियां, खान-पान, तथा पहनावा इस देश की पहचान हैं। यहाँ की संस्कृति पूरी दुनिया में एक विशिष्ठ स्थान रखती है। भारत एक ऐसा देश है जो नदियों को देवी मानकर उनकी पूजा करता है। भारत देश में अनेक छोटी-बड़ी नदियां हैं जिनका देशवासियों के जीवन में एक विशेष महत्त्व है।

इस लेख में हम यह समझने का प्रयास करेंगे कि भारत की वो नदियाँ कौन सी हैं जिनकी लम्बाई सबसे अधिक है। तो आईये जानते हैं देश की 10 सबसे लम्बी नदियों (Longest Rivers) के बारे में –

1. सिंधु नदी

भारत की दस सबसे लम्बी नदियों में सबसे पहले स्थान पर सिंधु नदी आती है, जिसका उद्गम तिब्बत में मानसरोवर के पास सिन-का-बाब नाम की जलधारा से हुआ है। सिंधु नदी की कुल लंबाई 2880 किलोमीटर है, जो कि तिब्बत और कश्मीर के बीच बहती है। इसका एक बडा हिस्सा पकिस्तान में भी बहता है, इस प्रकार यह न केवल भारत की बल्कि एशिया की भी सबसे लम्बी नदियों में से भी एक है। सिंधु नदी नंगा पर्वत के उत्तरी भाग से होकर दक्षिण पश्चिम में पाकिस्तान के बीच से गुजरती हुई अरब सागर में जाकर मिलती है। सिंधु नदी की पांच उपनदियाँ हैं जो की इस प्रकार हैं- इरावती, विपासा, वितस्ता, चंद्रभागा और शतद्रु।

2. ब्रह्मपुत्र नदी

भारत की दूसरी सबसे लंबी नदी है ब्रह्मपुत्र जो कि तिब्बत में मानसरोवर के पास स्थित चेमायुंग दुंग नामक हिमवाह से निकलती है। इसकी कुल लंबाई 2700 किलोमीटर है। ब्रह्मपुत्र नदी तिब्बत, भारत और बांग्लादेश से हो कर बहती है। इस नदी को और भी कई नामों से जाना जाता है, जैसे तिब्बत में इसका नाम सांपो, अरुणाचल में डिहं और असम में इसे ब्रह्मपुत्र के नाम से जाना जाता है। ब्रह्मपुत्र नदी बांग्लादेश की सीमा में बहने वाली गंगा की एक उप नदी पद्मा के साथ मिलकर बंगाल की खाड़ी में जाकर मिलती है। ब्रह्मपुत्र की भी पाँच उपनदियाँ है, जिनमे सुवनश्री, तिस्ता, तोर्सा, लोहित और बराक शामिल हैं।

3. गंगा नदी

पतित पावनी गंगा अपनी लम्बाई के हिसाब से तीसरे स्थान पर आती है, भारतीय संस्कृति में गंगा का एक पवित्र स्थान है और यह देशवासियों की आस्था का प्रतीक है। गंगा को भारत की सबसे महत्वपूर्ण नदियों में से एक माना जाता है। गौ मुख से निकली गंगा भारत और बांग्लादेश से होकर बहती है। गंगा नदी की कुल लम्बाई 2525 किलोमीटर है। भारत में गंगा हरिद्वार, मुरादाबाद, रामपुर, कानपुर, इलाहाबाद, वाराणसी, पटना और राजशाही से होते हुए गंगा सागर में मिल जाती है। 100 फ़ीट तक की गहराई वाली इस नदी की भारत में माँ तथा देवी के रूप में उपासना की जाती है।

4. गोदावरी नदी

भारत की सबसे लम्बी नदियों में से गोदावरी चौथे स्थान पर आती है। 1450 किलोमीटर की लम्बाई वाली गोदावरी नदी का उद्गम पश्चिमघाट की पर्वत श्रेणी के अंतर्गत त्रिम्बक पर्वत से हआ है। गोदावरी नदी को भी भारत की प्रमुख नदियों में से एक माना जाता है। गोदावरी नदी महाराष्ट्र के नासिक जिले से निकलती हुई आंध्रप्रदेश के राजामुंदरी शहर से निकलकर बंगाल की खाड़ी में जाकर मिल जाती है।

5. नर्मदा नदी

पांचवें स्थान पर आती है नर्मदा नदी, जिसकी उत्पत्ति महाकाल पर्वत के अमरकंटक शिखर से हुई है। नर्मदा भारत के मध्यप्रदेश और गुजरात दो मुख्य राज्यों में बहने वाली मुख्य नदी है। नर्मदा नदी की कुल लंबाई 1310 किलोमीटर है। यह नदी पश्चिम की तरफ जा कर खंभात की खाड़ी में गिरती है और इसे उत्तरी और दक्षिण भारत की सीमा भी माना जाता है। नर्मदा नदी को मध्यप्रदेश की जीवन रेखा भी कहा जाता है। इस नदी के किनारे बसा शहर जबलपुर उल्लेखनीय है। जबलपुर के निकट भेड़ाघाट का नर्मदा जलप्रपात काफ़ी प्रसिद्ध माना है। जहाँ प्रतिवर्ष कई पर्यटक आते हैं।

6. कृष्णा नदी

भारत की सबसे लंबी नदियों में 1290 किलोमीटर की लंबाई के साथ कृष्णा नदी छठे स्थान पर आती है। कृष्णा नदी का उद्गम महाराष्ट्र राज्य के महाबलेश्वर पर्वत से माना जाता है। दक्षिण भारत में इस नदी का एक प्रमुख और महत्वपूर्ण स्थान है। यह नदी दक्षिण से पूर्व की ओर बहते हुए बंगाल की खाडी में जाकर गिरती है। कृष्णा नदी की उपनदियों में प्रमुख हैं- तुंगभद्रा, घातप्रभा, मूसी और भीमा। इसका डेल्टा भारत के सबसे उपजाऊ क्षेत्रों में से एक है।

7. यमुना नदी

सबसे लंबी नदी में सातवें स्थान पर आती है यमुना नदी, जो की गंगा की सबसे बड़ी सहायक नदी है। यमुना नदी यमुनोत्री नामक स्थान से निकलती है और इलाहाबाद के प्रयाग में गंगा से जाकर मिल जाती है। यमुना नदी की कुल लंबाई 1211 किलोमीटर है। यमुना की सहायक नदियों में- चंबल, सेंगर, छोटी सिंध, बेतवा और केन नदी हैं। दिल्ली, आगरा, इटावा, काल्पी, हमीरपुर और प्रयाग यमुना नदी के किनारे स्थित हैं।

8. महानदी

नदियों में सबसे लंबी नदियों की सूची में महानदी आठवें स्थान पर आती है। महानदी छत्तीसगढ़ और उड़ीसा राज्यों की सबसे बड़ी नदी है। 855 किलोमीटर लंबाई वाली महानदी को कई और नामों से जाना जाता है जैसे कि चित्रोत्पला, महानंदा और नीलोत्पला। महानदी का उद्गम रायपुर में सिहावा नामक पर्वत श्रेणी से हुआ है। इसकी पाँच उपनदियां हैं जिनका नाम है पैरी, सोंढुर, शिवनाथ, हसदेव, अरपा, जोंक तथा तेल।

9. कावेरी नदी

भारत की सबसे लम्बी नदियों में कावेरी नदी 9वें स्थान पर आती है। कावेरी नदी की कुल लम्बाई 765 किलोमीटर है, जो कि पश्चिमी घाट के ब्रम्हागिरी पर्वत से निकली है। कावेरी नदी तमिलनाडु और कर्नाटक की मुख्य नदी है। कावेरी नदी को दक्षिण भारत की गंगा भी कहा जाता है। सिमसा, हिमावती, भवानी आदि इसकी उपनदियाँ हैं।

10. तापी नदी

भारत की 10 सबसे बड़ी नदियों में तापी नदी आख़िरी स्थान पर आती है। तापी नदी का उद्गम स्थान मुल्ताई है। यह नदी मध्यप्रदेश के बैतूल ज़िले से निकलती हुई महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों से होकर निकलती है। तापी नदी को पश्चिम भारत की प्रमुख नदी माना जाता है। तापी नदी महाराष्ट्र के खानदेश पठार और सूरत के मैदान को पार करती हुई अरब सागर से जाकर मिल जाती है।

तो ये थीं देश की सबसे लंबी 10 नदियाँ, ऐसी ही कई अन्य छोटी बड़ी नदियां हैं जो कि अपनी महत्वत्ता बनाये हुए हैं। बात फिर चाहे सिंचाई व्यवस्था की हो या किसी भी दूसरे व्यवसाय की, ये सभी नदियाँ अपना अलग महत्व रखतीं हैं। कई नदियाँ ऐसी भी हैं जो लोगों को रोज़गार के साधन भी उपलब्ध करवा रहीं हैं। गंगा और ब्रह्मपुत्र वाटर स्पोर्ट्स के ज़रिये लोगों के आकर्षण का केंद्र हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here