कोरोना के बढ़ते संक्रमण को कम करने के लिए लोगों से घर में रहकर एहतियात बरतने को कहा गया था। जिससे कि कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को कम किया जा सके। हाल ही में दक्षिण कोरिया के वैज्ञानिकों ने खुलासा किया है कि, आप घर पर बैठे-बैठे भी कोविड-19 से संक्रमित हो सकते हैं।
दक्षिण कोरिया के वैज्ञानिकों ने कहा कि घर के सामानों से और बाहर से आने वाले सामानों के जरिए भी कोरोना फैलने की पूरी संभावना है। दक्षिण कोरिया की इस स्टडी को यूएस सेंटर्स फॉर डिजीस कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) ने 16 जुलाई को प्रकाशित किया है। यह रिपोर्ट 5706 शुरुआती कोरोना मरीजों और उसके बाद संक्रमित हुए 59 हजार लोगों पर आधारित है।
और पढ़ें: दक्षिण कोरिया में कोरोना का कहर, चार दिन में 8 गुना बढ़े मरीज
किये गए शोध से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार प्रति 100 कोरोना मरीजों में सिर्फ 2 ऐसे हैं जिन्हें गैर-घरेलू संपर्क की वजह से कोरोना हुआ है। यानी घर से बाहर कोरोना संक्रमित हुए हों। जबकि, हर 10 मरीज में 1 मरीज को कोरोना का संक्रमण उनके घर के सदस्यों के जरिए हुआ है। घर में रहने वाले 60 से 70 साल के बुजुर्ग और किशोर भी कोरोना वायरस के शिकार हो रहे हैं।
कोरिया सेंटर्स फॉर डिजीस कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (KCDC) के निदेशक जियोंग ईयून कीयोंग ने कहा कि किशोर और बुजुर्ग घर के सभी सदस्यों से नजदीक रहते हैं। इसलिए इनके संक्रमित होने की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में इन दोनों समूहों का खास ख्याल रखने की जरूरत है।
हैलीम यूनिवर्सिटी कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. चो यंग जून ने बताया कि 9 साल से कम उम्र के बच्चों के संक्रमित होने की आशंका बेहद कम होती है। बच्चे ज्यादातर एसिम्टोपमैटिक होते हैं। यानी इनमें कोरोना संक्रमण के लक्षण नहीं दिखते। इसलिए इनमें कोरोना को पहचानने में शुरुआती दिक्कतें आती हैं। डॉ. चो यंग ने चेतावनी देते हुए कहा कि कोरोना वायरस हर उम्र के इंसान को अपना शिकार बना रहा है।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि घर में रहने से ही आप सुरक्षित नहीं रह सकते। आपको घर में भी सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखना होगा। आपको घर में रहते हुए भी कोरोना वायरस से बचाव के सारे तरीके अपनाने होंगे।



