प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्र लिख कर की धोनी की तारीफ, माही ने इस तरह किया शुक्रिया

धोनी के सन्यास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्र लिख कर धोनी की तारीफ की है। महेंद्र सिंह धोनी ने भी ट्वीट कर पीएम मोदी का धन्यवाद किया है।

0
651

15 अगस्त के दिन महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से अलविदा कह दिया था। भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तान रहे धोनी के रिटायरमेंट के बाद से उनके चाहने वाले उन्हें उनकी नई जिंदगी के लिए शुभकामनाएँ दे रहे हैं। इसी कड़ी में अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धोनी को पत्र लिख कर बधाई दी है।

पीएम मोदी ने अपनी चिट्ठी में लिखा, ”आपमें नए भारत यानी न्यू इंडिया की आत्मा झलकती है। नए भारत में युवाओं की नियति उनके परिवार का नाम तय नहीं करता है, बल्कि वे खुद अपना नाम और मुकाम बनाते हैं। 15 अगस्त को आपने अपने सरल अंदाज में एक छोटा वीडियो साझा किया जो पूरे देश में एक लंबी और जुनूनी बहस के लिए काफी था।”

पीएम मोदी ने आगे लिखा, “आपके रिटायरमेंट से 130 करोड़ भारतीय निराश हैं, लेकिन साथ ही जो आपने पिछले डेढ़ दशक में भारत के लिए किया उसके लिए देशवासी आपके आभारी भी हैं। आपके करियर को देखने का एक तरीका आंकड़ों के चश्मे से भी देखने का है। आप भारतीय क्रिकेट के सबसे कामयाब कप्तानों में शामिल हैं। भारत को दुनिया में चोटी की टीम बनाने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। क्रिकेट के इतिहास में आपका नाम दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में, सर्वश्रेष्ठ कप्तानों में और नि:संदेह सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपरों में शामिल किया जाएगा।”

पीएम मोदी के पत्र का जवाब धोनी ने ट्वीट करते हुए दिया। धोनी ने लिखा, ”एक कलाकार, सैनिक और खिलाड़ी को प्रशंसा की कामना होती है। वे चाहते हैं कि उनकी मेहनत और बलिदान को सभी पहचानें। शुक्रिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आपकी ओर से मिली प्रशंसा और शुभकामनाओं के लिए।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here