मुंबई क्राइम ब्राँच और साइबर सेल मिलकर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर फेक फ़ॉलोअर्स बढ़ाने वाले रैकेट का भंडाफोड़ करने में लगी हुई है। बताया जा रहा है कि इस तरह की कई फ्रॉड कंपनियां और लोग हैं, जो पैसे लेकर फेक फॉलोअर्स बढ़ाते हैं। क्राइम ब्राँच ने कई बड़ी हस्तियों की एक सूची तैयार की है, जिनके ऊपर फेक फॉलोअर्स बढ़ाने के आरोप हैं। इस लिस्ट में शीर्ष 10 लोगों में प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादूकोण का नाम भी शामिल है।
सूत्रों के मुताबिक जल्द ही इस मामले में इन दोनों एक्ट्रेसेस को पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। इसके अलावा पुलिस ने लगभग 150 अन्य मशहूर लोगों की लिस्ट तैयार की है, जिसमें बॉलीवुड सेलिब्रिटी, क्रिकेट स्टार्, कोरियोग्राफर, निर्देशक और मशहूर डिज़ाइनर्स तक के नाम शामिल हैं। इस पूरे मामले की शुरूआत पिछले दिनों बॉलीवुड सिंगर भूमि त्रिवेदी के फेक अकाउंट के जरिए हुई थी। भूमि का फेक अकाउंट बनाने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।
और पढ़ें: फरहान अख्तर ने शेयर किया भारत का गलत नक्शा, आईपीएस संदीप मित्तल ने लगाई जमकर लताड़
इंस्टाग्राम पर फेक फॉलोअर्स को Bots कहा जाता है। बताया जा रहा है पुलिस ने 68 कंपनियों की पहचान की है, जो फेक फ़ॉलोअर्स का यह रैकेट चला रही हैं। इसमें सबसे बड़ा नाम फॉलोअर्स कार्ट (Followers kart) नामक कंपनी का आ रहा है। यह एक फ्रांस की कंपनी है। इस संदर्भ में मुंबई क्राइम ब्राँच ने फ्रांस सरकार को भी एक चिट्ठी लिखी है और इस कंपनी के बारे में अधिक जानकारी देने का आग्रह किया है।



