चीन की प्रतिव्यक्ति GDP 10,000 डॉलर के पार

0
380

बीजिंग | दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले देश चीन का प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद GDP 2019 में पहली बार 10,000 डॉलर को पार कर चुका है। शुक्रवार चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों में यह बात सामने आयी है। चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो के निदेशक निंग चिझे ने बताया कि, “2019 में चीन का प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद 10,276 डॉलर तक पहुंच गया। यह गणना औसत विनिमय दर पर की गयी है।”

चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार 2019 में चीन की प्रति व्यक्ति व्यय योग्य आय 30,733 युआन क़रीब 4,461.95 डॉलर रही थी। जो की वास्तविक आधार पर 5.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। साथ ही देश में प्रति व्यक्ति उपभोक्ता व्यय वास्ताविक आधार (स्थिर मूल्य) पर 5.5 प्रतिशत बढ़कर 2019 में 21,559 युआन यानी तक़रीबन 3143 डॉलर रहा था।

आपको बता दें कि चीन ने 2020 तक अपनी शहरी और ग्रामीण आबादी की प्रति व्यक्ति आय को 2010 के मुकाबले दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। विश्वबैंक के अनुसार वर्ष 2018 में जिन देशों का प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद 10,000 डॉलर से अधिक रहा उनकी कुल आबादी 150 करोड़ थी।

चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो के निदेशक निंग चिझे ने इस खबर पर ख़ुशी जताते हुए कहा कि, “हमारी आबादी 140 करोड़ है और हमारा प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद (GDP) 10,000 डॉलर से अधिक है. चीन आगे भी दुनिया की प्रगति और विकास में और योगदान करता रहेगा।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here