बीजिंग | चीन ने अब कोरोना वायरस के मामलें में कमी होने का दावा किया है। चीन के वुहान प्रान्त को छोड़ बाकी पूरे देश में पिछले दो दिन में कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। इसे देखते हुए वुहान में रोगियों के उपचार के लिए बनाए गए 11 अस्थायी अस्पताल भी बंद कर दिए गए हैं। वहीं दक्षिण कोरिया में भी अब कोरोना के नए मामलों में कमी देखने को मिल रही है।
वहीं चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने सोमवार को 40 नए मामलों की पुष्टि की है। इनमें से अकेले 36 मामलें वुहान के ही थे। दक्षिण कोरिया में रविवार को 248 नए मामले पाए गए। पिछले दो हफ्ते में कोरोना के नए मामलों का ये सबसे कम आंकड़ा है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन ने कहा, “गिरावट की यह दर जारी रहनी चाहिए।”
चीन में हाल ही में एक 100 वर्ष के बुजुर्ग को कोरोना वायरस होने की पुष्टि हुयी थी। उन्हें पिछले महीने की 24 तारीख को हुबेई प्रांत के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह पहले से ही अल्जाइमर के साथ उच्च रक्तचाप और हृदय रोग से पीडि़त हैं। अब उनकी हालत में काफी सुधार होने की खबर है।
कोरोना से बचाव के लिए यूरोप में कई एयरलाइंस बगैर यात्री के उड़ान संचालित कर रही हैं। इन उड़ानों पर हजारों गैलन ईधन फूंका जा रहा है। ऐसा आवंटित फ्लाइट संचालन संख्या में कटौती से बचने के लिए किया जा रहा है। कोरोना के डर से यूरोप समेत पूरी दुनिया में उड़ानें प्रभावित हुई हैं।



