मेलबर्न टेस्ट में इन बड़े बदलावों के साथ मैदान पर उतर सकती है टीम इंडिया

एडिलेड टेस्ट में मिली हार के बाद टीम इंडिया दूसरे टेस्ट में कई बड़े बदलाव कर सकती है। केएल राहुल और पंत की टीम में वापसी हो सकती है। जबकि शमी की जगह सिराज को टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है।

0
492
चित्र साभार: ट्विटर @imVkohli

26 दिसंबर से टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉक्सिंग डे टेस्ट की शुरुआत हो जाएगी। भारतीय टीम के लिए ये टेस्ट काफी अहम रहेगा क्योंकि अगर टीम इंडिया से चूक हुई तो वह ऑस्ट्रेलिया की धरती पर इतिहास रचने के मौके से तो चुकेगा ही साथ ही बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी को अपने नाम कर पाने की दावेदारी भी खो देगा। दूसरी तरफ एडिलेड में शानदार प्रदर्शन करने वाली ऑस्ट्रेलिया इस समय उत्साह से भरपूर है। कंगारुओं के पास मेलबर्न में अपने रिकॉ़र्ड को कायम रख भारत से 2018 में मिली हार का बदला लेने का मौका होगा।

बता दें कि भारतीय टीम शनिवार को एडिलेड टेस्ट की दूसरी पारी में 36 रन के अपने न्यूनतम टेस्ट स्कोर पर सिमट गई, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने डे नाइट टेस्ट में ढाई दिन के अंदर आठ विकेट से शानदार जीत हासिल की थी। उस मुकाबले में टीम इंडिया की कई कमोजारी सामने आई थी। दूसरी तरफ कोहली अब पैटरनिटी लीव पर रहेंगे। उनकी जगह भी टीम इंडिया को ऐसा विकल्प तलाशना होगा जो मिडिल ऑर्डर में आकर टीम को मजबूती दे सके। टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ भी भारत को शुरुआत दे पाने में अभी तक नाकामयाब रहे है। ऐसे में भारत एडिलेड टेस्ट में प्रदर्शन के आधार पर कुछ बड़े बदलाव कर मेलबर्न के मैदान पर उतर सकता है।

पृथ्वी शॉ का बाहर होना तय

पृथ्वी शॉ कोमेलबर्न टेस्ट से पहले टीम से ड्रॉप किया जा सकता है। एडिलेड टेस्ट में शॉ के बल्ले से पहली पारी में 0 और दूसरी पारी में 4 रन निकले थे। अपनी तकनीक और पिछले कुछ मैचों में किए गए प्रदर्शन को लेकर पृथ्वी हर किसी के निशाने में है। ऐसे में उनकी जगह मयंक अग्रवाल के साथ दूसरे टेस्ट में शुभमन गिल को मौका दिया का सकता है। शुभमन गिल इस समय फॉर्म में है। अभ्यास मैच में भी वह लय में दिखाई दिए थे। युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने टेस्ट सीरीज से पहले खेले गए डे नाइट प्रैक्टिस मैच में 43 और 65 के स्कोर बनाए थे।

राहुल पर खेला जा सकता है दाव

विराट कोहली की जगह 4 नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए केएल राहुल पर बड़ा दाव खेला जा सकता है। राहुल पिछले कुछ समय से शानदार लय में है। जरूरत पड़ने पर वह विकेटकीपरिंग भी कर सकते है। ऐसे में कोहली के विकल्प के लिए केएल राहुल चयनकर्ताओं की पहली पसंद रहेंगे।

शमी की जगह सिराज

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी चोट के चलते अगले सभी टेस्ट मुकाबलों से बाहर हो गए है। शमी की जगह बुमराह और उमेश यादव के साथ मोहम्मद सिराज को गेंदबाज़ी की जिम्मेदारी दी जा सकती है। अभ्यास मैच में सिराज ने ऑस्ट्रेलिया को काफी परेशान किया था। इसके अलावा सिराज ने 38 फर्स्ट क्लास मैचों में 23.44 की औसत से 152 विकेट लिये हैं।

पंत को मिल सकता है मौका

विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा ने एडिलेड टेस्ट की पहली पारी में 9 और दूसरी पारी में 4 रन बनाए थे, जिससे उनके सेलेक्शन पर सवाल भी उठे। उनकी जगह ऋषभ पंत को टीम में शामिल किया जा सकता है। पंत ने अपने पिछले और पहले ऑस्ट्रेलियाई और इंग्लैंड दौरे पर शतक जड़ा था। दूसरी तरह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैच में पंत ने ताबड़तोड़ शतकीय पारी खेली थी। कुछ रिपोर्ट्स की माने तो चयनकर्ता पंत के नाम पर अगले टेस्ट के लिए पूरी तरह से सहमत दिखाई दे रहे है।

विहारी की जगह जड़ेजा

एक अतिरिक्त बल्लेबाज़ और गेंदबाज़ के विकल्प के तौर पर भारतीय टीम मैनेजमेंट मेलबर्न टेस्ट में जड़ेजा को मैदान पर उतार सकती है। उन्हें हनुमान विहारी की जगह मौका दिया जा सकता है। जड़ेजा ने विदेश में अभी तक बल्ले और गेंद दोनो से ही शानदार प्रदर्शन किया है। अश्विन के साथ उनकी जोड़ी टेस्ट में हमेशा से ही विपक्ष के लिए सरदर्द साबित होती आयी है। ऐसे में उनका दूसरे टेस्ट में शामिल होना लगभग तय माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here