Tokyo Olympics: इन भारतीयों पर रहेंगी सबकी नज़रें, इतिहास बनते देखने को बेताब पूरा भारत

टोक्यो ओलंपिक की शुरुआत बस कुछ ही महीनों में होने वाली है। इस बार ओलंपिक खेलों में भारत अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकता है। क्योंकि इस बार जिन भारतीय खिलाड़ियों का दल टोक्यो जा रहा है उनमें से कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं जिनका हालिया प्रदर्शन काफी शानदार रहा है।

0
616
टोक्यो ओलंपिक: इन भारतीयों पर रहेंगी सबकी नज़रें, इतिहास बनते देखने को बेताब पूरा भारत

टोक्यो ओलंपिक की शुरुआत होने में अब 1 साल से भी कम समय रह गया है। 2020 में आयोजित होने वाले खेलों के इस महाकुंभ को कोरोना महामारी के चलते 2021 विंडो में शिफ्ट करना पड़ा था। भले ही कोरोना ने खिलाड़ियों के उत्साह पर थोड़ा ब्रेक जरूर लगा दिया हो लेकिन अभी भी टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का जज़्बा शायद ही कम हुआ हो। इस बार टोक्यो में भारत अपना परचम लहरा कर इतिहास रच सकता है। क्योंकि इस बार जापान जाने वाले जिन भारतीयों का नाम सूची में शामिल है उनकी हालिया फॉर्म और प्रदर्शन इस बात की गवाही देता है कि भारत 2021 ओलंपिक में पिछले कई सालों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करने वाला है।

यही कारण है कि फैंस को इस बार भारतीय खिलाड़ियों से काफी उम्मीदें हैं। 2021 टोक्यो ओलंपिक की शुरुआत 21 जुलाई से होगी। कुल 74 भारतीय खिलाड़ी इस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें से कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं जिन पर इस बार सबकी निगाहें रहने वाली हैं। आज हम आपको उन्ही पांच खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं जो इस बार ओलंपिक में भारत की झोली में गोल्ड मेडल डाल सकते हैं।

सौरभ चौधरी

उत्तर प्रदेश के रहने वाले भारत के स्टार शूटर सौरभ चौधरी इस बार भारत की झोली में गोल्ड मेडल डाल सकते हैं। 2019 आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में गोल्ड मेडल जीतने वाले सौरभ इस समय अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं। अकेले 2019 में सौरभ ने 6 गोल्ड मेडल अपने नाम किए थे। सौरभ भारत के लिए ओलंपिक में अभिनव बिंद्रा के बाद इतिहास रचने वाले एक और भारतीय बन सकते हैं।

वीनेश फोगाट

इस बार टोक्यो ओलंपिक में जिस खिलाड़ी पर सबकी नजरें रहने वाली हैं उसमें महिला कुश्ती में भारत की नंबर 1 खिलाड़ी वीनेश फोगाट का नाम भी शामिल है। 2019 में वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली वीनेश फोगाट टोक्यो ओलंपिक में क्वालीफाई करने वाले एकलौती महिला पहलवान हैं। यही कारण है कि वीनेश से सभी भारतीय फैंस पदक की उम्मीदें लगाए बैठे हैं।

अमित पंघाल

भारतीय मुक्केबाजी के स्टार बॉक्सर अमित पंघाल टोक्यो में बड़ा कारनामा कर सकते हैं। अमित ने पिछले कुछ सालों में जिस तरह का प्रदर्शन किया है उसके बाद हर किसी को उनसे काफी उम्मीदें हैं। अमित ने 2019 में वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनिशिप में सिल्वर मेडल जीता था। वे वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनिशिप में सिल्वर मेडल जीतने वाले पहले भारतीय हैं। अमित टोक्यो जाने वाले कुल 5 भारतीय मुक्केबाज़ों का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जी साथियान

इस बार जिन बड़े नामों में एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है वह है टेबल टेनिस के खिलाड़ी जी साथियान का। जी साथियान इस बार ओलंपिक खेलों में टेबल टेनिस के खेल में भारत का इतिहास बदल सकते हैं। 2019 में कई बड़े खिलाड़ियों को मात देकर साथियान टॉप 25 टेबल टेनिस खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो चुकें है। टेबल टेनिस पसंद करने वाले खेलप्रेमियों को उनसे बड़ी उम्मीद है।

मेरी कॉम

6 बार की विश्व चैंपियन मेरी कॉम भारत की सबसे सफल महिला मुक्केबाज हैं। मेरी कॉम का दम दुनिया पहले ही देख चुकी है। विश्व भर के लगभग सभी देश इस बात को अच्छी तरह से जानते हैं कि मेरी ओलंपिक में बड़ा कारनामा कर सकती हैं। 2012 ओलंपिक, 2014 एशियाई खेल, 2018 कॉमनवेल्थ खेलो में मेरी मेडल जीत चुकी हैं। अब 2021 टोक्यो ओलंपिक में मेरी गोल्ड जीत कर एक बार फिर इतिहास रच सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here