उत्तर प्रदेश की योगी सरकार इस बार यादव परिवार पर मेहरबान हुई है। उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव की पत्नी, अपर्णा बिष्ट यादव को इस बार Y श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। इसकी जानकारी पुलिस विभाग के संयुक्त सचिव सुनील कुमार ने दी। अपर्णा यादव ने पिछला विधानसभा चुनाव लखनऊ की कैंट सीट से लड़ा था। गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार अब तक 143 वीआईपी लोगों को Y श्रेणी की सुरक्षा दी जा चुकी है। Y श्रेणी की सुरक्षा में 11 सुरक्षाकर्मी तैनात होते हैं। जिसमें से एक या दो कमांडो तथा दो पीएसओ भी हो सकते हैं।
योगी आदित्यनाथ की तारीफ कर चुकी हैं अपर्णा
अपर्णा यादव अपनी पार्टी और अपने परिवार की बंदिशों से ऊपर उठकर योगी आदित्यनाथ की कई बार तारीफ कर चुकी हैं। एक बार अपर्णा यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए कहा था कि, “वह सीएम बनने के बाद भी जमीन से जुड़े हुए हैं। वह मेरे लिए गुरु के समान है साथ ही उनका हिंदूवादी होना कोई जुर्म नहीं है। वह पूरे प्रदेश को एक साथ लेकर चलने वाले हैं। धर्म जाति और संप्रदाय से ऊपर उठकर वे सभी की सहायता करते हैं।”



