उत्तरप्रदेश सरकार बाहुबलियों द्वारा कब्जे में ली गई अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी कर चुकी है। विकास दुबे, मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद के बाद अब आजम खान के रिजॉर्ट का नंबर भी योगी सरकार की इस लिस्ट में आ चुका है। सांसद आजम खान की हमसफर रिजॉर्ट को तोड़ने का नोटिस योगी सरकार के द्वारा जारी कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि ग्रीन बेल्ट और सड़क की जमीन कब्जाकर बनाए गए सपा सांसद आजम खान के हमसफर रिजॉर्ट को ध्वस्त कर दिया जाएगा।
आईडीए ने इस संबंध में रिजॉर्ट मालिक सीतापुर जेल में बंद शहर विधायक तजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम को नोटिस जारी करते हुए 15 दिन के भीतर अपना कब्जा हटाने के आदेश दे दिया है। इसके बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया तो RDA खुद इसे ध्वस्त कर देगा, साथ ही इसका खर्चा भी वसूलेगा। रामपुर विकास प्राधिकरण ने कुछ समय पहले बिना नक्शे के हमसफर रिजॉर्ट बनाने के मामले में नोटिस जारी किया था। कुछ वक्त पहले यह नोटिस सपा सांसद के बेटे अब्दुल्लाह आजम खान के नाम पर गया था लेकिन बाद में बताया गया कि यह होटल अब्दुल्लाह के नाम पर न होकर सपा सांसद की शहर विधायक पत्नी डॉ तंजीम फातिमा के नाम पर है। अब RDA ने संशोधित नोटिस भी जारी कर दिया है। इसके जवाब में तजीन फातिमा ने जिला पंचायत द्वारा वर्ष 2014 में जारी किया गया मानचित्र RDA में पेश किया था मगर RDA ने मानचित्र को यह कहकर अस्वीकार कर दिया कि जिला पंचायत को उनके अधिकार क्षेत्र में मानचित्र जारी करने का कोई अधिकार उनके पास नहीं है।



