उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में महिला अपराधों पर लगाम लगाने और महिला सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एक नई पेट्रोलिंग टीम ‘स्वयंसिद्ध’ टीम का गठन किया है। इसके लिए 100 स्कूटी उपलब्ध कराई गई हैं। इनका आवंटन अलग-अलग थानों में संवेदनशीलता के आधार पर किया गया है। पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने पुलिस कमिश्नरेट, नोएडा, सेक्टर-108 में आयोजित एक कार्यक्रम में हरी झंडी दिखाकर इस नई पेट्रोलिंग टीम का उद्घाटन किया और पुलिस थानों के लिए रवाना किया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरी के लिए महिला की सुरक्षा अत्यंत प्राथमिकता का विषय है। कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद से महिलाओं की सुरक्षा हेतु नये प्रयोगों एवं नई व्यवस्थाओं पर निरंतर कार्य हो रहा है। महिला चौपाल, थाना स्तर पर महिला सुरक्षा इकाई का गठन एवं नॉलेज पार्क पुलिस थाने पर स्थापित फैमिली डिस्प्ले रेसॉल्यूशन क्लीनिक, ये सभी नये प्रयोगों के कुछ उदाहरण हैं।
उन्होंने आगे बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा को और अधिक बेहतर बनाने के लिए एक नई महिला पेट्रोलिंग टीम का गठन किया जा रहा है। जिसका संपूर्ण संचालन महिला पुलिसकर्मियों द्वारा किया जायेगा। इसी वजह से इस टीम का नाम ‘स्वयंसिद्ध’ रखा गया है। इस पेट्रोलिंग यूनिट में उप निरीक्षक, मुख्य आरक्षी, और आरक्षी रहेंगी। पेट्रोलिंग टीम के लिए 100 स्कूटी उपलब्ध कराई गई हैं तथा पेट्रोलिंग करने वाली महिला पुलिसकर्मियों को बॉडीवॉर्न कैमरा एवं बैटन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिनका आवंटन अलग-अलग थानों पर संवेदनशीलता के आधार पर किया जा रहा है।
वहां रहने वाले लोगों से इसको और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सोशल मीडिया के द्वारा सुझाव लिए गए हैं। जिसके आधार पर 163 हॉट स्पॉटस स्थानों को पेट्रोलिंग के लिए चुना गया है। इन हॉट स्पॉट में प्रमुख विद्यालय, विश्वविद्यालय एवं इस प्रकार की फैक्ट्रियां हैं जहां देर शाम तक महिलाएं कार्यरत रहती हैं। मेट्रो स्टेशन के आस पास के स्थान, ऑटो स्टैंड आदि भी शामिल हैं।
Image Source: Tweeted by @noidapolice