कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को लेकर सभी लोग अलग-अलग तरह की बातें कर रहे हैं। कुछ वैज्ञानिकों का दावा है कि यह लहर बच्चों पर भारी प्रभाव डालेगी तो वहीं कुछ का कहना है कि इसका प्रभाव पहले से कम होगा। इसी बीच नीति आयोग के सदस्य डॉ बीके पॉल ने संक्रमण की तीसरी लहर को रोकने का उपाय बता दिया है।उनका कहना है कि अगर पूरी तरह से सावधानी बरती जाए और ज्यादा से ज्यादा लोग टीकाकरण करवा लें तो संक्रमण की स्थिति लहर को जल्द ही रोका जा सकता है। अगर सभी लोग दिशा-निर्देशों का पालन करें और सभी अपना टीकाकरण करवा लें तो तीसरी लहर रोकी जा सकती है। बता दें कि सोमवार से देश में वैक्सीनेशन महाभियान की शुरुआत हो गई है।
कल एक दिन में वैक्सीन की 86.16 लाख से अधिक डोज लगाई गई। इस पर डॉ. पॉल ने कहा कि एक दिन का यह आंकड़ा दिखाता है कि देश में टीकाकरण अभियान आने वाले दिनों और हफ्तों में बड़े पैमाने पर पहुंच जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 जून से नई वैक्सीन नीति को लागू करने का आह्वान किया था और पूरे देश में वैक्सीन की मुफ्त खुराक देने का ऐलान किया था । इसके तहत केंद्र सरकार वैक्सीन खरीदेगी और राज्य सरकारों को मुफ्त मुहैया कराएगी। 18 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोग किसी भी वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर वैक्सीन की डोज ले सकते हैं।
टीकाकरण के प्रभाव से रोक सकती है संक्रमण की तीसरी लहर
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) के एक बयान में डॉ. पॉल के हवाले से कहा गया है, ‘यह सब केंद्र और राज्य सरकारों के बीच योजना और समन्वय के कारण संभव हुआ है। डॉ. पॉल ने कहा कि ‘तीसरी लहर आती है या नहीं यह हमारे हाथ में है। अगर हम दिशा-निर्देशों का पालन करते हैं और खुद को टीका लगवाते हैं तो तीसरी लहर क्यों आएगी। कई देश ऐसे हैं जहां दूसरी लहर भी नहीं आई है। यदि हम इन सभी बातों का ध्यान रखते हैं तो यह समय भी बीत जाएगा।’



