पूरे विश्व में कोरोनावायरस की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है और इस दहशत से बॉलीवुड इंडस्ट्री भी अछूती नहीं रह गई है। इस बीमारी को फैलने से रोकने के लिए दिल्ली, मुंबई, राजस्थान और केरल समेत कई राज्यों और शहरों ने 31 मार्च तक सिनेमाघर बंद कर दिए हैं। सिनेमाघरों के बंद होने से फिल्ममेकर्स और थियेटर मालिकों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सिनेमाघरों के बंद होने के कारण कई फिल्ममेकर्स ने अपनी फिल्म की रिलीज़ डेट को आगे बढ़ाने का भी फैसला कर लिया है। सबसे पहले अक्षय कुमार की मोस्ट अवेटिड फिल्म सूर्यवंशी की रिलीज़ टाल दी गई है। 20 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली यशराज फिल्म के बैनर तले बनी फिल्म संदीप और पिंकी फरार की रिलीज़ भी रोक दी गई है। इसी के साथ मार्च में बचे हुए दो सप्ताह तक कोई बॉलीवुड फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज़ नहीं होगी। वहीं खबर है अगले महीने 10 अप्रैल को रिलीज़ होने वाली रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 83 की रिलीज़ डेट भी आगे बढ़ाई जा सकती है।
11 मार्च को फिल्म 83 का ट्रेलर रिलीज़ होना था, लेकिन कोरोनावायरस के चलते ट्रेलर लॉन्च का इवेंट टाल दिया गया था। इसके अलावा सलमान खान और ऋतिक रोशन समेत कई बॉलीवुड सितारों ने अपने विदेशी दौरे रद्द कर दिए हैं। इस वायरस के चलते टीवी सीरियल्स और फिल्मों की शूटिंग पर भी असर पड़ रह है। कार्तिक आर्यन की भूल-भूलैया 2, अमिताभ बच्चन की ब्रह्मास्त्र और शाहिद कपूर की जर्सी समेत कई फिल्मों की शूटिंग रोक दी गई है।
Image Source: Tweeted by @akshaykumar



