नई दिल्ली | पूरी दुनिया को अपनी चपेट में लेने वाले कोरोनावायरस संक्रमण के आंकड़े हर दिन नए रिकार्ड बनाते जा रहे हैं। भारत की स्थिति दिन पर दिन बेहद खराब होती दिख रही है। जहाँ एक तरफ रोजाना भारी संख्या में केस बढ़ रहे हैं, वहीं अब मौत के आंकड़े भी डराने लग गए हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की ओर से जारी किये गए ताजा आंकडों के मुताबिक दुनियाभर में कोरोनावायरस से एक दिन में सबसे ज्यादा मौत के मामले भारत में दर्ज किए गए हैं। 11 अगस्त मंगलवार को पूरी दुनिया में कोरोना के चलते सबसे ज्यादा मौतें भारत में हुई हैं। 11 अगस्त को भारत में 871 लोगों की कोरोना से मौत हुई है, जबकि अमेरिका में मंगलवार को कोरोना से मौत के 558 केस सामने आए। जबकि अमेरिका में कोरोना के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। ब्राजील में 572 लोगों की मौत एक दिन में कोरोना के चलते हुई है। 11 अगस्त मंगलवार को भारत में कोरोना के 53 हजार 601 केस मिले, वहीं अमेरिका में 47 हजार 964 और ब्राजील में 23 हजार मामले सामने आए।
WHO के आंकड़ों के मुताबिक 8 दिनों से लगातार दुनिया में सबसे ज़्यादा नए मामले भारत में रिपोर्ट हो रहे हैं। बुधवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 23,29,638 हो गई है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 53,601 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान देश में 871 कोरोना संक्रमितों की मौत भी हो चुकी है।



