बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, हालांकि अभी तक आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो पाई है। मौके पर पुलिस पहुँचकर जाँच में जुट गई है। सुशांत के एक करीबी दोस्त ने बताया कि शनिवार रात उनके घर पर कुछ करीबी दोस्त मौजूद थे। इसके अलावा उन्होंने ये भी बताया कि सुशांत पिछले 6 महीने से डिप्रैशन में चल रहे थे।
34 वर्षीय अभिनेता ने अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्में दी है। उन्होंने अपने करियर की शुरूआत छोटे पर्दे के धारावाहिक ‘किस देश में है मेरा दिल’ से की थी। फिल्म ‘काय पो छे’ से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा था। सुशांत को सबसे ज्यादा पहचान महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक फिल्म ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ से मिली थी। 2019 में आई फिल्म ‘छिछोरे’ उनके करियर की आखिरी फिल्म थी।
अभी कुछ दिनों पहले ही सुशांत सिंह राजपूत की एक्स मैनेजर दिशा सालियान ने भी 14वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इसके अलावा लॉकडाउन के दौरान ही मनमीत ग्रेवाल और प्रेक्षा मेहता जैसे टीवी कलाकार भी सुसाइड कर चुके है। साल 2020 में इंडियन फिल्म इंडस्ट्री से लगातार बुरी खबर सामने आ रही है। ऋषि कपूर, इरफान खान और वाजिद खान के बाद एक और बड़ी हस्ती के जाने से फिल्म इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा है।



