लॉकडाउन के कारण पिछले कुछ महीनों से फिल्मों की शूटिंग पर रोक लगी हुई है और ऐसे में फिल्ममेकर्स को अपनी अधूरी फिल्मों की स्क्रिप्ट पूरा करने का काफी समय मिल रहा है। इसी बीच खबर है कि राकेश रोशन (Rakesh Roshan) अपनी सुपरहीरो फ्रैंचाइज़ी की अगली फिल्म कृष 4 (Krrish 4) की स्क्रिप्टिंग की ओर काफी ध्यान दे रहे हैं। मिड-डे मील की एक खबर के मुताबिक कृष 4 में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
इस फिल्म में कृष टाइम ट्रैवल करने में सक्षम होगा, जिसके जरिए वह भूतकाल में जाकर अपने पिता रोहित मेहरा को वापस ला सकेगा। साथ ही इस फिल्म में एक बार फिर जादू की वापसी हो सकती है। जादू से संपर्क करने के लिए रोहित मेहरा का होना जरूरी है। इससे साफ जाहिर है कि इस फिल्म में भी ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan) दोहरी भूमिका में नज़र आएंगे। इसके अलावा फिल्म में सुपर विलेन्स की एक फौज भी नज़र आने वाली है, जिसका सामना कृष को करना होगा।
और पढ़ें: रणवीर सिंह से प्रेरणा लेकर ऋतिक रोशन भी आए फनी आउटफिट में नज़र, दुबई से फैंस के साथ शेयर
इस फिल्म की शूटिंग अगले साल जनवरी में ऋतिक के जन्मदिन पर शुरू हो सकती है। खबरों के मुताबिक निर्माताओं ने फिल्म की लीड एक्ट्रेस की तलाश भी शुरू कर दी है और इस बार प्रियंका चोपड़ा इस फिल्म का हिस्सा नहीं रहेंगी। राकेश रोशन ने फिल्म में म्यूज़िक के लिए अपने भाई राजेश रोशन से संपर्क किया है। इस फिल्म में वीएफएक्स की जिम्मेदारी शाहरुख खान के प्रॉडक्शन हाउस रेड चिलीज़ एंटरटेन्मेंट को दी जा सकती है। वहीं फिल्म में कॉस्ट्यूम और मेकअप डिज़ाइन के लिए हॉलीवुड के कुछ आर्टिस्ट्स से संपर्क करने की तैयारी की जा रही है।



