सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) आत्महत्या केस में पुलिस बारीकी से छानबीन कर रही है। अपनी जाँच के दौरान शुक्रवार को पुलिस ने यशराज फिल्म्स से पूछताछ की। इस पूछताछ में पुलिस ने यशराज फिल्म्स को उन कॉन्ट्रैक्ट्स की कॉपी जमा करने के आदेश दिए हैं, जिनमें उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत के साथ काम किया था। जानकारी के मुताबिक सुशांत और यशराज फिल्म्स के बीच अभी तक कुल तीन कॉन्ट्रैक्ट्स साइन हुए थे।
यशराज बैनर्स के साथ सुशांत पहली बार साल 2013 में फिल्म ‘शुद्ध देसी रोमांस’ (Shudh Desi Romance) में नज़र आए थे। इसके बाद सुशांत ने इसी प्रॉडक्शन हाउस की फिल्म ‘ब्योमकेश बक्शी’ (Byomkesh Bakshi) में भी काम किया था। वहीं तीसरे प्रोजेक्ट के तौर पर दोनों के बीच फिल्म ‘पानी’ को लेकर कॉन्ट्रैक्ट साइन हुआ था। यह फिल्म शेखर कपूर डायरेक्ट करने वाले थे, लेकिन फिल्म के बजट अधिक होने के कारण यह प्रोजेक्ट रद्द कर दिया गया।
और पढ़ें: अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने की आत्महत्या, छह महीने से थे डिप्रैशन के शिकार
आने वाले दिनों में पुलिस अपनी कार्रवाई के दौरान करण जौहर, संजय लीला भंसाली समेत अन्य कई प्रॉडक्शन हाउस से भी पूछताछ कर सकती है। बिहार के एक अधिवक्ता ने सलमान खान और अन्य 7 लोगों के खिलाफ परिवाद दर्ज कराया है, जिसके मुताबिक फिल्म इंडस्ट्री में सभी बड़े प्रॉडक्शन हाउस ने सुशांत सिंह राजपूत को कास्ट करने से मना कर दिया था। इसी बात से सुशांत डिप्रेशन में चले गए थे, और उन्होंने आत्महत्या करने का फैसला किया।



