कोरोना संक्रमण का सबसे ज्यादा कहर मुम्बई और दिल्ली में ही देखा गया था। राजधानी की रफ्तार संक्रमण के चलते थम गयी थी। लेकिन जैसे-जैसे समय बीत रहा है वैसे-वैसे दिल्ली के हालात भी सामान्य हो रहे हैं। अब दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार दिल्ली को पूरी तरह से खोलने के लिये तैयार है। फिलहाल दिल्ली में अनलॉक 3 लागू है। अब सरकार चाहती है कि अनलॉक 4 में मेट्रो, जिम, सिनेमा हॉल आदि को सख्त नियमों के साथ स्वतंत्रता दे दी जाये।
दिल्ली की एक वरिष्ठ अधिकारी की मानें तो सरकार ने दिल्ली मेट्रो का संचालन शुरू करने के लिए एक बार फिर केंद्र सरकार से अनुरोध किया है। हालांकि अभी 30 अगस्त तक दिल्ली की यथास्थिति रहेगी। उसके बाद सरकार समीक्षा करेगी कि मेट्रो का संचालन किया जाएगा या नहीं। बताया जा रहा है कि अगर आने वाले दिनों में कोरोनावायरस संक्रमण के मामले तेजी से नहीं बढ़ते हैं तो सरकार अपने फैसले जल्दी ले पाएगी। दिल्ली में भी बाजारों को भी साप्ताहिक रूप से खोलने की इजाजत दी गई है। अभी बाजार भी प्रतिदिन नहीं खुल रहे हैं। इसे नियमित खोलने के लिए दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को इजाजत देनी होगी, जिसके अध्यक्ष उपराज्यपाल अनिल बैजल हैं।



